17 दिन से हवा में लटका मौत का खंभा, ‘अंडर प्रोसेस’ में उलझा विभाग!
1 min readरामपुरा नगर में बजाज एजेंसी के के पास, मुन्ना भदौरिया के मकान से कुछ पहले एक बिजली का खंभा पिछले 17-18 दिनों से जड़ से टूटा हुआ केवल तारों के सहारे हवा में लटका हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय बाद भी बिजली विभाग इसे दुरुस्त करने में नाकाम साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस खंभे की स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। यह कभी भी गिर सकता है, जिससे किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। आम रास्ते पर लटकता यह खंभा राहगीरों और आसपास के निवासियों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है।
मोहल्लेवासियों द्वारा दो बार हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की नींद नहीं खुली।
विभाग की ओर से हर बार एक ही जवाब मिलता है—“काम अंडर प्रोसेस है।” सवाल यह उठता है कि आखिर यह ‘प्रोसेस’ कब पूरी होगी? क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय लोगों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस खंभे को नहीं हटाया गया और कोई हादसा हो गया, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
उक्त विषय के संबंध में विद्युत विभाग जे ई राजकुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि कार्य अंडर प्रोसेस’ में चल रहा है जल्द समाधान किया जाएगा।


