ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन
1 min read
सांसद संजय दिना पाटिल ने युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
मुंबई : ओ. पी. तिवारी
बढ़ते ड्रग्स के जाल में फंसती जा रही युवा पीढ़ी को सही दिशा मिले, युवक नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ें तथा समाज में ड्रग्स विरोधी जागरूकता पैदा हो, इसी उद्देश्य से स्व. दिना बामा प्रतिष्ठान एवं सैयद अजहरुद्दीन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में विक्रोली के टैगोर नगर में भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को ड्रग्स को ना, खेल को हां, का सामाजिक संदेश दिया गया। वर्तमान समय में ड्रग्स का बढ़ता प्रचलन समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है और बड़ी संख्या में युवा गलत रास्ते की ओर बढ़ रहे हैं। नशे की लत से केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है और इसका असर समाज तथा देश के भविष्य पर भी पड़ता है। इसी पृष्ठभूमि में युवाओं को नशामुक्त जीवन की प्रेरणा देने और उनमें खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में ईशान्य मुंबई महाविकास आघाड़ी के सांसद संजय दीना पाटिल, कलवा-मुंब्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र आव्हाड तथा वार्ड क्रमांक 114 की नगरसेविका राजोल पाटिल उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सांसद संजय दिना पाटिल ने युवाओं से संवाद करते हुए ड्रग्स के खिलाफ कड़ी भूमिका अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे की गिरफ्त में आने के बजाय शिक्षा, खेल और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करें।
ईशान्य मुंबई क्षेत्र में बढ़ती ड्रग्स की समस्या को लेकर सांसद संजय दिना पाटिल पहले भी कई बार आवाज उठा चुके हैं। विभिन्न बैठकों तथा पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चाओं में उन्होंने ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इलाके में चल रहे अवैध ड्रग्स कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने, युवाओं में जागरूकता फैलाने तथा स्कूल और कॉलेज परिसरों में विशेष सतर्कता बरतने की मांग भी उन्होंने प्रशासन से लगातार की है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि युवाओं को सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण देने के लिए सांसद पाटिल लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद संजय दिना पाटिल ने कहा कि ईशान्य मुंबई के युवाओं को क्रिकेट जैसे खेलों में बड़ा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी आर्थिक कठिनाइयों के कारण आगे नहीं बढ़ पाते, इसलिए ऐसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है, इसलिए इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों की आवश्यकता और भी अधिक है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबलों के समय मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे। स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ड्रग्स विरोधी जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। स्व. दिना बामा प्रतिष्ठान और सैयद अजहरुद्दीन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाली साबित हो रही है।


