महापौर ऋतु तावडे ने अंधेरी, मिलन सबवे और हिंदमाता क्षेत्र की वर्षा पूर्व तैयारियों का लिया जायजा,
मुंबई : ओ. पी. तिवारी
मुंबई की महापौर ऋतु तावडे ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा के तहत 12 जून 2026 को अंधेरी सबवे, मिलन सबवे, गांधी मार्केट तथा हिंदमाता स्थित लघु पंपिंग स्टेशनों का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया।इस दौरान विधायक मुरजी पटेल, के उत्तर एवं के दक्षिण वार्ड समिति अध्यक्ष प्रकाश मुसळे, एफ दक्षिण एवं एफ उत्तर वार्ड समिति अध्यक्ष मानसी सातमकर, नगरसेविका ममता यादव, नगरसेविका दिशा यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।अंधेरी सबवे के निरीक्षण के दौरान विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि यह क्षेत्र अत्यंत निचला होने के कारण हर वर्ष जलभराव की समस्या का सामना करता है। इस समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता है और इस मुद्दे को उन्होंने विधानसभा में भी लगातार उठाया है।
अधिकारियों ने बताया कि अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, जिनमें से व्यवहार्य उपायों को लागू किया जाएगा।
महापौर ऋतु तावडे ने कहा कि अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जल्द ही महापौर कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही इस वर्ष अतिरिक्त पंपिंग सेट लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकाला जा सके।
इसके बाद महापौर ने मिलन सबवे, गांधी मार्केट और हिंदमाता स्थित लघु पंपिंग स्टेशन तथा वर्षाजल संचयन टैंक परियोजनाओं का निरीक्षण कर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मानसून के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से कार्यरत रहें।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।दौरे के अंत में उन्होंने हिंदमाता फ्लाईओवर के नीचे स्थित स्केट पार्क में चल रहे सफाई, मरम्मत और रंगरोगन कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूरा कर खिलाड़ियों के लिए स्केट पार्क पुनः उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


