*मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर, पिता की मौत पुत्री गंभीर घायल*
1 min read*बिना नंबर बाइक सवार मौके से फरार*
माधौगढ जगम्मनपुर, जालौन। क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में पिता की मृत्यु हो गई एवं पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगम्मनपुर से करीब 2 किलोमीटर दूर जुहीखा रोड स्थित अड्डा के पास यह हादसा अपराह्न करीब 1:00 बजे हुआ। बाबरपुर (थाना अजीतमल) निवासी रविंद्र कुमार (55 वर्ष) अपनी पुत्री शिवानी (लगभग 30 वर्ष) का इलाज कराकर काड़वां, रामपुरा से अपने गांव लौट रहे थे। वे अपनी मोटरसाइकिल (यूपी 79 ए 3560, कावासाकी बॉक्सर) से जा रहे थे।
इसी दौरान यमुना पुल की ओर से तेज गति से आ रही एक बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रविंद्र कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोटे आई तथा उनकी पुत्री शिवानी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर सवार युवक, जिनमें एक का नाम कल्लू बताया जा रहा है, भी घायल हुआ, लेकिन उसके साथी उसे तुरंत मौके से ले गए और बिना किसी को सूचना दिए फरार हो गए। उक्त मोटरसाइकिल ग्राम गूंज, थाना अयाना (जनपद औरैया) की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जगम्मनपुर पुलिस चौकी से पुलिस टीम और डायल 112 मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रविंद्र याज्ञिक की मृत्यु हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।

