गोरेगांव की रिहायशी बस्ती में तेंदुए का आतंक वन विभाग लगाएगा पिंजरे और कैमरे विधायक सुनील प्रभु ने वन विभाग और स्थानीय नागरिकों के साथ किया निरीक्षण
1 min readमुंबई (प्रतिनिधि): दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र की न्यू म्हाडा कॉलोनी और नागरिक निवारा कॉलोनी में लगातार दो दिनों से तेंदुए की आवाजाही देखी गई है। अब तेंदुआ नागरिक निवारा परिषद के प्लॉट नंबर 5/1 स्थित इमारतों तक पहुंच गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। विधायक सुनील प्रभु ने वन विभाग से संपर्क किया, जिस पर विभाग ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जाएंगे तथा सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे।
न्यू म्हाडा कॉलोनी और नागरिक निवारा के प्लॉट नंबर 5 में तेंदुए के घूमने का एक वीडियो सामने आया है, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। इस संदर्भ में सोमवार रात लगभग 8:30 बजे दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुनील प्रभु ने म्हाडा क्षेत्र के सेक्टर 5 से 9 तक का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने तेंदुए की आवाजाही से संबंधित वीडियो देखा और स्थानीय सोसायटी पदाधिकारियों से चर्चा की। साथ ही सुरक्षा दीवारों पर तारबंदी करने की सलाह दी। विधायक प्रभु ने वन रक्षक अधिकारी योगेश महाजन से भी बातचीत की और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपायों के बारे में जानकारी ली। इस पर महाजन ने बताया कि तेंदुए के आने-जाने वाले मार्गों पर तत्काल पिंजरे और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
शिवसेना विधायक सुनील प्रभु ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह जॉगिंग के लिए जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा रात में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और युवाओं से भी सतर्क रहने का आग्रह किया।
इस दौरान कृष्णागिरी उपवन, वनपाल सुधीर ढेंबरे (मालाड), वनरक्षक लक्ष्मण टिकेकर (मालाड), वनरक्षक नंदकिशोर सोलंकी, वनरक्षक हनुमंत वाडीकर, रेस्क्यू टीम और एमएसएफ स्टाफ के सदस्य उपस्थित थे।
इसके अलावा शिवसेना नगरसेवक सुहास वाडकर, स्थानीय नगरसेवक तुलसीराम शिंदे तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। तेंदुए के प्रवेश मार्गों की पहचान कर वहां पिंजरे लगाने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की विशेष टीम तैनात करने पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर वन अधिकारी योगेश महाजन, स्थानीय शाखा प्रमुख संदीप जाधव, संपत मोरे, कार्यालय प्रमुख दीपक बिरहाड़े, शिवसेना पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।


