महापौर श्रीमती रितू तावड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया निरीक्षण
1 min readनायर अस्पताल का अत्याधुनिक एवं नव-निर्मित ‘दुर्घटना एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा संकुल’ हुआ कार्यान्वित

बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित मुंबई सेंट्रल स्थित बी.वाई.एल. नायर धर्मार्थ अस्पताल में अत्याधुनिक एवं नव-निर्मित ‘दुर्घटना एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा (Casualty–EMS) संकुल’ आज (13 जुलाई 2026) से कार्यान्वित कर दिया गया।
मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावड़े, विपक्ष की नेता श्रीमती किशोरी पेडणेकर, समाजवादी पार्टी की समूह नेता एवं स्थानीय नगरसेविका श्रीमती अमरीन अब्राहनी, सुधार समिति की अध्यक्ष श्रीमती संध्या दोशी, सार्वजनिक स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष श्री हरिश भांदिर्गे, महिला एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती मीनल तुर्डे, नगरसेवक श्री रोहिदास लोखंडे, श्री अजय पाटील, उप आयुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) श्री शरद उघड़े, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रमुख अस्पतालों के निदेशक तथा नायर अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. शैलेश मोहिते, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पवार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं अधिकारियों ने नए संकुल का निरीक्षण कर सेवाओं का शुभारंभ किया।
इस संकुल का औपचारिक लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाना था, लेकिन कतर के पूर्व अमीर एवं ‘फादर अमीर’ शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के 12 जुलाई 2026 को निधन के कारण भारत सरकार द्वारा घोषित एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक के चलते लोकार्पण समारोह रद्द कर दिया गया। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
हालांकि, मरीजों को चिकित्सा सेवाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की आवश्यकता को देखते हुए निरीक्षण के बाद सेवाएं तत्काल प्रारंभ कर दी गईं।
नायर अस्पताल के दुर्घटना एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा (Casualty–EMS) संकुल की प्रमुख जानकारी
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा निर्धारित न्यूनतम मानकों को पूरा करने के उद्देश्य से नायर अस्पताल में इस अत्याधुनिक आपातकालीन चिकित्सा सेवा विभाग का निर्माण किया गया है।
यह परियोजना नायर अस्पताल विस्तार योजना के अंतर्गत ‘प्राइम प्रोजेक्ट्स डेवलपमेंट’ की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से एक है। विस्तार योजना में भविष्य की ऑन्कोलॉजी (कैंसर) इमारत, रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (RMO) आवास तथा एल-आकार (L-Shaped) भवन भी शामिल हैं।
24 घंटे संचालित होने वाला यह आधुनिक आपातकालीन विभाग मरीजों को तेज, प्रभावी एवं उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।
भवन का निर्माण पूरा होने तथा सभी वैधानिक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त होने के बाद 25 जून 2026 को इसे अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया गया था।
अब पुराने दुर्घटना विभाग भवन को हटाकर वहां 20 मंजिला आधुनिक आरएमओ आवासीय भवन बनाया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से सेवाओं की शुरुआत
मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा कार्यक्षमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी तरह केंद्रीय वातानुकूलित इस विभाग को दो चरणों में शुरू किया जाएगा।
प्रथम चरण (आज से शुरू)
दुर्घटना विभाग
आपातकालीन चिकित्सा सेवा (EMS)
ट्रायेज वार्ड
बाल रोग विभाग
अस्थि रोग विभाग
शल्य चिकित्सा विभाग
माइनर ऑपरेशन थिएटर (Minor OT)
द्वितीय चरण (शीघ्र प्रारंभ होगा)
उन्नत आपातकालीन जांच एवं डायग्नोस्टिक सेवाएं
संकुल की संरचना एवं प्रमुख विशेषताएं
रोगियों की शीघ्र जांच, समय पर उपचार तथा प्रशासनिक कार्यों को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह संकुल दो मंजिलों में विकसित किया गया है।
1. भूतल (Ground Floor)
मरीज पंजीकरण एवं ट्रायेज केंद्र
मेडिको-लीगल मामलों हेतु कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर (CMO) कक्ष
जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, बाल रोग एवं अस्थि रोग विशेषज्ञों के अलग-अलग कक्ष
सामान्य जांच कक्ष
अत्याधुनिक माइनर ऑपरेशन थिएटर
‘गोल्डन ऑवर’ उपचार के लिए 8 बिस्तरों वाला आपातकालीन चिकित्सा सेवा (EMS) वार्ड
एक्स-रे कक्ष
संक्रमण या विषैले पदार्थों से प्रभावित मरीजों के लिए डीकंटैमिनेशन रूम
कर्मचारियों के लिए चेंजिंग रूम एवं शौचालय
अस्पताल पहुंचने से पूर्व मृत घोषित व्यक्तियों के लिए सम्मानपूर्वक शव रखने हेतु पृथक मॉर्चरी क्षेत्र
2. प्रथम तल (First Floor)
यह तल लंबे समय तक मरीजों की निगरानी, आपदा प्रबंधन तथा चिकित्सा कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
बड़े हादसों एवं आपदा की स्थिति में उपयोग हेतु 21 बिस्तरों वाला ऑब्जर्वेशन एवं ट्रायेज वार्ड
रक्त नमूना संग्रह (ब्लड कलेक्शन) कक्ष
अतिरिक्त परामर्श कक्ष
डिजास्टर स्टोर, जहां बड़ी आपदा की स्थिति में आवश्यक दवाएं, उपकरण एवं चिकित्सा सामग्री का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा।

